निम्बाहेड़ा में कन्या महाविद्यालय शीघ्र होगा शुरू- विधायक कृपलानी

 

Voice of Pratapgarh News ✍️ पंडित मुकेश कुमार 

विधायक कृपलानी ने अस्थाई महाविद्यालय संचालन के लिए विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण

कन्या महाविद्यालय के संचालन के लिए 21 पद एवं भवन निर्माण के लिए 4.50 करोड़ स्वीकृत

निम्बाहेड़ा। राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी के द्वारा निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी के प्रयासों से निम्बाहेड़ा में कन्या महाविद्यालय की स्वीकृति के पश्चात उच्च शिक्षा विभाग द्वारा इसी सत्र से महाविद्यालय के संचालन के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने शनिवार को देर सायं नगर के विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर कन्या महाविद्यालय के अस्थाई संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विधायक कृपलानी के साथ पूर्व विधायक अशोक नवलखा, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचौली, नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, कन्या महाविद्यालय के नोडल अधिकारी एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य आशुतोष व्यास, राकेश खटीक, नगर महामन्त्री कमलेश बनवार, भाजयुमो नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, नगर पालिका सहायक अभियंता कैलाश देवल एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
विधायक कृपलानी ने बताया कि राज्य की भाजपा सरकार बालिका शिक्षा को लेकर गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में निम्बाहेड़ा में कन्या महाविद्यालय के स्वीकृति के साथ ही इसी वर्ष शिक्षण कार्य आरंभ करने के संदर्भ में कन्या महाविद्यालय के लिए अस्थाई भवन का चयन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसी वर्ष शिक्षण कार्य आरंभ करने के लिए कन्या महाविद्यालय में कला संकाय के दो वर्ग के संचालन के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने 21 पदों तथा भवन निर्माण के लिए 4.50 करोड़ की स्वीकृति जारी की हैं। विधायक कृपलानी ने बताया कि इसी वर्ष से कन्या महाविद्यालय के संचालन के लिए अस्थाई भवन का चयन किया जा चुका है तथा संभवतः इसी सप्ताह से कन्या महाविद्यालय में शैक्षणिक कार्य आरंभ करने के लिए शीघ्र ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।