राष्ट्रगीत राष्ट्र की एकता एवं अस्मिता का प्रतीक – जिला कलेक्टर
वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि यह हर देशवासी के हृदय में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक: एसपी
प्रतापगढ़। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘वंदे मातरम@150’ के अंतर्गत प्रतापगढ़ जिले में शनिवार को विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रभात रैली, बाइक रैली, शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पण तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुए। इन कार्यक्रमों में जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
शहीद स्मारक से गांधी चौराहे तक निकली प्रभात रैली
जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने शहीद स्मारक परिसर से प्रभात रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नीमच नाका होते हुए गांधी चौराहा पहुंची, जहां नगर परिषद प्रांगण में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। जिला कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमारी राष्ट्रीय चेतना, अखण्डता और एकता का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर एडीएम विजयेश कुमार पंड्या, सीईओ पर्वत सिंह चुंडावत, सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा, एसीईओ धनदान देथा, उपायुक्त टीएडी नीता वसीटा, सीडीईओ के.के. तेतरवाल, सहायक निदेशक (महिला अधिकारिता) नेहा माथुर, डीआईसी मंजू माली, गाइड सीओ रेखा शर्मा सहित अन्य अधिकारी , स्काउट गाइड एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की बाइक रैली ने दिया अनुशासन और एकता का संदेश
जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने संयुक्त रूप से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। क्रमबद्ध रूप से चलती रैली ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश दिया।
एसपी बी. आदित्य ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि यह हर देशवासी के हृदय में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक है। हमें इसी भावना के साथ देश की सेवा में सदैव तत्पर रहना चाहिए। सुबह शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी राष्ट्रभक्ति की झलक
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं कलाकारों ने राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका तथा महापुरुषों के योगदान पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। बालक-बालिकाओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। चिकित्सा विभाग द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन हुआ।
जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अंतर्गत स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता की भावना को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी महावीर सिंह कृष्णावत, आशीष जैन, रवि जोशी, नरेन्द्र गिरी, उत्सव जैन, भंवर सिंह, ईश्वर कुमावत, गोपाल धाबाई, वद्धीचंद धाकड़ एवं प्रशस्ति कुंवर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन सुरेन्द्र सुमन एवं नीलम कटलाना ने किया।




