प्रतापगढ़। स्पेशल ओलंपिक भारत के तहत राज्य स्तरीय एथलीट खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 25 एवं 26 नवंबर 2025 को जयपुर आर्मी ग्राउंड में किया गया, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 285 विशेष प्रतिभाशाली बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों का आर्मी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद आयु वर्गानुसार 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, शॉट पुट और भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतापगढ़ जिले से तपस में अध्ययनरत नाथुराम मीणा, शिवनारायण कुमावत, अंबालाल पालीवाल एवं आयुष मीणा ने सहभागिता की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर दौड़ एवं 100 मीटर दौड़ में दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा द्वारा खिलाड़ियों का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा की तपस के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इन बालकों को लगातार प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसका परिणाम आज इनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के रूप में सामने आया है। इन बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से न केवल अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि प्रतापगढ़ जिले को भी गौरवान्वित किया है।




