जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक

विहित समय पर पूर्ण करें बजट घोषणाएं: संभागीय आयुक्त

प्रतापगढ़। जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, समर कंटीजेंसी प्लान, कानून व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर शुभम चौधरी भी उपस्थित रहे।

बजट घोषणाओं पर हुई चर्चा

बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संभागीय आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए व कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

समर कंटीजेंसी प्लान एवं हीटवेव तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान संभागीय आयुक्त ने ग्रीष्म ऋतु एवं संभावित हीटवेव को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी हीटवेव के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रखें आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी ना आए। इस दौरान पीएचईडी अधिकारी एस.डी. मीणा ने जिले के समर कंटीजेंसी प्लान के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित सभी व्यवस्थाएं जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार समय-समय पर सुनिश्चित की जा रही हैं तथा जलापूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

स्वच्छता अभियान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने वर्तमान में चल रहे स्वच्छता अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए जिले में अब तक किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान एवं सम्पर्क पोर्टल की भी समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
बैठक के अंत में जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने आश्वस्त किया कि जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए संबंधित विभागों द्वारा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाएगा। इस अवसर पर उपवन संरक्षक सुरेश अग्रवाल, सीईओ पर्वत सिंह चुण्डावत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Posts