जिला कलक्टर ने ली रात्रि चौपाल,सुनी जनसमस्याएं

 

Voice of Pratapgarh News ✍️

एडीएम, सीईओ और एसडीएम सहित अन्य अधिकारी रहे मौजूद

प्रतापगढ़। जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने ग्रामजनों की समस्याओं को सुनने, समझने और समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार को प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में उच्च माध्यमिक विद्यालय में रात्रि चौपाल का आयोजन किया।

रात्रि चौपाल में पेयजल, स्ट्रीट लाइट्स, पेंशन वेरिफिकेशन, मां बाड़ी केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, अतिक्रमण, किसान सम्मान निधि योजना, सड़क और अन्य समस्याओं से संबंधित परिवाद आए। जिला कलक्टर ने समस्याओं के नियमानुसार समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए और ग्रामजन को आश्वासन दिया की प्रशासन सभी की समस्याओं को लेकर गंभीर है और उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर कलक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में पूछा और कहा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उनसे सेम और मेम बच्चों, बाल स्वास्थ्य, पोषण आदि के बारे में पूछा और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की आमजन को किसी भी प्रकार की कोई समस्याएं न आए।

रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर विनय पाठक, जिला परिषद सीईओ परसाराम, उपखंड अधिकारी प्रतापगढ़ राजेश कुमार नायक सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामजन उपस्थित रहे।

Recent Posts