Voice of Pratapgarh News ✍️ रोहित रेगर
प्रतापगढ़। छोटीसादड़ी के नवनियुक्त एसडीएम यतींद्र पोरवाल ने आज उपखंड अधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपखंड कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जैन समाज ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण के बाद एसडीएम पोरवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय लिया और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहेगा।
एसडीएम पोरवाल ने नगरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में जनता की भागीदारी अति आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठ और युवा सदस्य बड़ी संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचे और नवनियुक्त एसडीएम का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए क्षेत्र की प्रगति के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही।



