हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत  लापरवाही पर भड़के लोग

पपलाज माता रोड स्थित वार्ड 30 में हादसा, रोड लाइटें दिनभर जलने से भी जताई नाराजगी

Voice of pratapgarh News ✍️पत्रकार महेश पीलूखेड़ा

दौसा। शहर के पपलाज माता रोड स्थित वार्ड नंबर 30 राव का कुआं बालाजी मंदिर के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसे में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। यह हादसा मंदिर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ। हादसे के बाद लोगों ने बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। प्रत्यक्षदर्शी अशोक सैनी व विनोद पारीक ने बताया कि मोर उड़ते हुए अचानक हाईटेंशन तारों से टकरा गया और करंट की चपेट में आने से नीचे गिर पड़ा। लोगों ने तुरंत बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

गौ रक्षा टीम ने किया अंतिम संस्कार: सूचना पर मौके पर पहुंची जनता गौ रक्षा टीम के सदस्य जीतू सैनी, रवि सैनी, मोनू स्वामी, सचिन व्यास, विकाश सैनी, विजय सैनी, सागर शर्मा व राहुल ने मोर के शव को सम्मानपूर्वक उठाया और विधिपूर्वक दफनाया। मोर की मौत से स्थानीय लोगों में शोक और गुस्से का माहौल रहा।

पहले भी हो चुके हैं हादसे, नहीं जागा विभाग: स्थानीय लोगों ने बताया कि पपलाज माता रोड पर हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है। पहले भी इस लाइन की चपेट में आने से जानवरों और पक्षियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग की ओर से न तो तारों को शिफ्ट किया गया, न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए।

दिनभर जलती रहती हैं स्ट्रीट लाइटें: इलाके के लोगों ने यह भी बताया कि लाइन से जुड़े खंभों पर लगी रोड लाइटें दिन-रात जलती रहती हैं, जिससे न केवल बिजली की बर्बादी हो रही है, बल्कि यह विभागीय लापरवाही की पोल भी खोल रही है। सरकार एक ओर राष्ट्रीय पक्षी की सुरक्षा की बात करती है, वहीं लापरवाही के चलते खुले में बिजली लाइनें मौत का कारण बन रही हैं। विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए स्थानीय निवासियों ने कही यह बात।

मांग: लाइन शिफ्ट हो, लाइटों का सुधरे संचालन

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईटेंशन लाइन को रिहायशी इलाके से हटाया जाए, और रोड लाइटों के संचालन को सुधारने के लिए जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की जाए। मोर जैसे संरक्षित पक्षी की इस तरह मौत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हादसे से सबक लेते हुए विभाग को फौरन अलर्ट मोड में आना चाहिए।

Recent Posts