भारत स्काउट एंड गाइड के ग्रीष्मकालीन शिविर का आज समापन

17 मई से चल रहे प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने सीखे कौशल, आज होंगे अतिथियों के सान्निध्य में समापन समारोह

Voice of pratapgarh News✍️ पत्रकार महेश पीलूखेड़ा

दौसा राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ, लालसोट द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि एवं कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का आज 27 जून को सांय 4:00 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह शिविर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट परिसर में 17 मई 2025 से संचालित किया जा रहा था, जिसमें सैकड़ों स्काउट-गाइड प्रतिभागियों ने भाग लिया।

शिविर प्रभारी अनुराग प्रिय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि समापन समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह में अतिथि गणों की मौजूदगी में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।

ये रहेंगे मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि: समारोह की मुख्य अतिथि नगर पालिका सभापति पिंकी चतुर्वेदी होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी भानु प्रकाश चतुर्वेदी, समाजसेवी शंभू लाल कुईवाला, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण मीणा, व्यापार महासंघ अध्यक्ष दीपक चौधरी, एवं डॉ. भरत शर्मा उपस्थित रहेंगे। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउट गाइडिंग, प्राथमिक उपचार, योग, अनुशासन, गीत-संगीत, कला, हस्तशिल्प, पर्यावरण संरक्षण सहित कई रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों द्वारा बालकों को व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व के गुण भी सिखाए गए। यह शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने का सशक्त माध्यम बनकर सामने आया है, अनुराग प्रिय शर्मा शिविर प्रभारी

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही शिविर के दौरान तैयार की गई रचनात्मक सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। आयोजन को लेकर स्काउट-गाइड्स और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।

Recent Posts