सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बरकरार प्रशासनिक अनदेखी से बीएसटीसी विद्यालय भवन के निर्माण में अड़चन शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
Voice of pratapgarh News ✍️पत्रकार महेश पीलूखेड़ा
दौसा।उपखंड क्षेत्र के महाराजपुरा तलावगांव स्थित श्री कृष्ण शास्त्री राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय के दक्षिण दिशा में स्थित चारागाह भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है, जिससे सरकार द्वारा प्रस्तावित बीएसटीसी विद्यालय भवन निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान सरकार द्वारा उक्त भूमि पर बीएसटीसी प्रशिक्षण विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण प्रस्तावित है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 14 अप्रैल 2025 को महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम में इसकी घोषणा करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय शुरू होने की घोषणा भी की थी।
लेकिन इससे पहले ही तलावगांव निवासी नवल किशोर द्वारा कथित रूप से भूमि पर सीमेंट के खंभे गाड़कर अतिक्रमण कर लिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा इस संबंध में तहसीलदार निर्झरना व उपखंड अधिकारी लालसोट को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
महाविद्यालय से जुड़े रमेश बुड्ढला ने बताया कि यह भूमि सार्वजनिक हित के लिए चिह्नित है और यहां बीएसटीसी प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शैक्षिक लाभ मिलेगा। लेकिन अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य की राह में अवरोध उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों व महाविद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है, ताकि निर्धारित समय पर बीएसटीसी विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है, या फिर सरकारी योजनाएं कागजों तक ही सिमट कर रह जाएंगी।



