16वां अंतरराष्ट्रीय रंग मल्हार कार्यक्रम : मिट्टी के तवे पर सजी प्रकृति और परंपरा की रंग-बिरंगी झलक
Voice of pratapgarh News✍️ पत्रकार महेश पीलूखेड़ा
दौसा।देश-प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना और कलात्मक चेतना को जागृत करने वाला 16वां अंतरराष्ट्रीय रंग मल्हार कार्यक्रम रविवार को एक साथ देश-विदेश के कई हिस्सों में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
दौसा जिले में यह कार्यक्रम पीएमश्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट में टीम रंग मल्हार, कला ग्रुप दौसा और आरएम-24 के संयोजन में भव्य रूप से आयोजित हुआ।
कलात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा आयोजन स्थल
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि जिला संरक्षक एवं बीईईओ अंजना त्यागी, यूसीबीईओ मदनलाल पारीक, प्रधानाचार्य कमलेश गौतम, टीम मल्हार कोऑर्डिनेटर दिनेश कुमार पारीक एवं आरएम-24 प्रतिनिधि सुरेश बिहारी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। चित्रों में उभरे समाज और प्रकृति के रंग
इस वर्ष आयोजन में ‘मिट्टी के तवे’ को कैनवास बनाकर प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता, लोक परंपराएं, स्वच्छता, ग्लोबल वार्मिंग और शिक्षा जैसे विषयों पर कलाकारों ने अपने भावों को रंग, रेखा और तुलिका से सजाया।
अब तक लालटेन, साइकिल, केतली, थैला, टी-शर्ट जैसे दैनिक उपयोगी वस्तुओं को कैनवास बनाकर सामाजिक संदेश देने की परंपरा रही है, जिसे इस बार ‘तवे’ पर उतारा गया।
बच्चों और कलाकारों में दिखा जोश
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट, राजेश पायलट स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अशोक शर्मा विद्यालय, राजकीय विद्यालय चांदसेन के छात्र-छात्राओं समेत स्वतंत्र कलाकारों ने भी अपने भावों को सजीव चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया।
सम्मान और प्रेरणा का क्षण: कार्यक्रम में उपस्थित प्रभुलाल नोगिया, नविता गौतम व बबलू महावर ने व्यवस्थाएं संभालीं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया और मुख्य अतिथि ने जल संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के इस प्रयास को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। जयपुर के कलाकार डॉ. विद्यासागर उपाध्याय की परिकल्पना से उपजा यह आयोजन अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना चुका है, जो न केवल रंगों का उत्सव है बल्कि समाज और संस्कृति के सरोकारों को भी मुखरता से प्रस्तुत करता है।



