प्लेटफार्म पर उतरते वक्त फिसला पैर ट्रेन के नीचे आया भिखारी
Voice of pratapgarh News ✍️पत्रकार महेश पीलूखेड़ा
दौसा।लालसोट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दौसा से गंगापुर जा रही पैसेंजर ट्रेन डेमो के रुकने के दौरान एक युवक प्लेटफार्म पर उतरते समय फिसलकर ट्रेन के नीचे आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों और होमगार्ड्स की मदद से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल युवक बावरिया समाज से है और भिखारी बताया जा रहा है। ट्रेन रुकने से पहले ही वह उतरने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंस गया।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक के दाएं पैर की एड़ी में गंभीर चोट है, साथ ही उसकी रीढ़ की हड्डी और सिर में भी चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि चलती या रुकती ट्रेन से उतरने में जल्दबाजी न करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।



