पत्रकारों की कलम अब चुप नहीं रहेगी : संदीप काळे

व्हॉईस ऑफ मीडिया के राज्य अधिवेशन में गूंजी हुंकार, सरकार को दी खुली चेतावनी

Voice of pratapgarh News ✍️पत्रकार महेश पीलूखेड़ा

दौसा। राजस्थान की राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा में आयोजित व्हॉईस ऑफ मीडिया के राज्य अधिवेशन में पत्रकारिता जगत का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। सैकड़ों पत्रकारों की मौजूदगी में संस्था के संस्थापक व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काळे ने सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए कहा –हम कोई चुनाव जीतने नहीं आए हैं — हम पत्रकार हैं, और हमारी कलम ही हमारा अस्त्र है

काळे ने अपने ओजस्वी संबोधन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आज पत्रकार सबसे अधिक धमकियों, फर्जी मुकदमों, हमलों और सरकारी दबाव का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में पत्रकार सुरक्षा कानून अब समय की मांग है, जिसमें विशेष पत्रकार न्यायालय, तत्काल FIR और कानूनी सहायता तंत्र जैसी ठोस व्यवस्थाएं होनी चाहिए।

उन्होंने बिहार सरकार की पत्रकार पेंशन योजना का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया – जब बिहार के पत्रकारों को ₹15,000 मासिक पेंशन और मृत्युपरांत उनके परिवार को ₹10,000 मिलती है, तो राजस्थान के पत्रकार इससे वंचित क्यों? काळे ने राजस्थान में भी पत्रकार पेंशन योजना लागू करने की माँग की।

अपने संबोधन में उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को भी मुख्यधारा में लाने की पैरवी की। उन्होंने कहा कि YouTube, पोर्टल्स और सोशल मीडिया पर काम करने वाले युवा डिजिटल पत्रकारों को भी सरकारी मान्यता, विज्ञापन और सुरक्षा दी जानी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार से राजस्थान पत्रकार आयोग की स्थापना की माँग की, जो पत्रकारों की शिकायतों, उत्पीड़न व अन्याय की सुनवाई कर सके। साथ ही ग्रामीण व तहसील स्तर के पत्रकारों के लिए पत्रकार आवास योजना, पत्रकारों के बच्चों को शिक्षा में विशेष सुविधा और महिला पत्रकारों के लिए सुरक्षा प्रकोष्ठ बनाने की भी जोरदार माँग की गई। अधिवेशन में 13 सूत्रीय ठराव सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिन्हें जल्द ही मुख्यमंत्री और सूचना विभाग को सौंपा जाएगा।

काळे ने अंत में स्पष्ट शब्दों में कहा:- अगर सरकार इन माँगों को अनसुना करती है, तो व्हॉईस ऑफ मीडिया आंदोलन की राह चुनेगा। अब पत्रकार चुप नहीं बैठेंगे। जब पत्रकार एकजुट होते हैं, तो सत्ता की नींव हिलती है – और हम यही करने जा रहे हैं।

अधिवेशन के समापन पर पूरा सभागार गूंज उठा –
पत्रकार झुकेगा नहीं
व्हॉईस ऑफ मीडिया जिंदाबाद

इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, आनंद गुप्ता, मंजू शर्मा, राजेंद्र शर्मा, नरेश जाजू, प्रतीक जैन, बाबूलाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे और अपने विचार साझा कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

Recent Posts