खुद को पार्षद बता कर सोशल मीडिया पर अकाउंट चलाने का मामला संज्ञान में, जिला कलेक्टर ने एसपी और सभापति को आवश्यक कार्यवाही के लिए कहा

प्रतापगढ़, 23 नवंबर। जिला कलेक्टर ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत पहचान बनाकर स्वयं को ‘पार्षद’ बताने के गंभीर प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु निर्देश जारी किए हैं। ज्ञात हुआ है कि रितेश सोमानी, जो कि वर्तमान में निर्वाचित पार्षद नहीं हैं, अपनी फेसबुक आईडी पर स्वयं को वार्ड पार्षद बताया है।

जिला कलेक्टर ने बताया कि संज्ञान में आया है कि उक्त व्यक्ति आपराधिक प्रवृति का होकर स्वयं को पार्षद बताकर नगर परिषद के कर्मचारियों पर अवैध दबाव बनाने एवं परिषद के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहा है। साथ ही यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि वह भू-माफिया प्रवृति का है तथा इनके एवं इनके सहयोगियों द्वारा अनेक भूखण्डों पर नाजायज कब्जे किए जाने एवं आमजन को धमकाने जैसी गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त, उक्त के विरुद्ध पुलिस थाना प्रतापगढ़ (राज.) एवं पुलिस थाना लवाण जिला दौसा में प्राथमिकी भी दर्ज है।

जिला कलेक्टर ने जिला पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है कि समाज में सवैधानिक एवं निर्वाचित पदों की गरिमा बनाए रखने हेतु उक्त व्यक्ति द्वारा अपनाई गई फर्जी पहचान एवं गतिविधियों की जांच कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उक्त व्यक्ति की फर्जी सोशल मीडिया आईडी की जांच कर आवश्यक साइबर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही जिला कलेक्टर ने सभापति, नगर परिषद प्रतापगढ़ को प्रतिलिप देते हुए कहा है कि नगर परिषद के निर्वाचित पार्षदों की पहचान एवं गरिमा सुरक्षित रहे, तथा पार्षदों के परिवारजन या अवांछित व्यक्तियों का परिषद के कार्यों एवं निर्णयों में हस्तक्षेप न हो। साइबर शाखा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।

Recent Posts