विकसित भारत संकल्प यात्रा में सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक दे इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी : विधायक हेमंत मीणा

हर पात्र को योजनाओं के दायरे में लाने की मंशा का धरातल पर मूर्त रूप है विकसित भारत संकल्प यात्रा

राज्यव्यापी अभियान का हुआ शुभारंभ

प्रतापगढ़। हर एक पात्र को भारत सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखा कर विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की। इसी क्रम में राज्य स्तर व जिला स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न भागों में विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों से संवाद किया और उनसे उन्हे मिल रही योजनाओं के लाभ और योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए बदलावों के बारे में चर्चा की।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन
इसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रतापगढ़ विधायक हेमंत मीणा के मुख्य आतिथ्य में और जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,प्रतापगढ़ के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। जिसमें आमजन ने बहुत उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शपथ ली।

कार्यक्रम में विकास कार्यों और योजनाओं से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और विगत दशक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी भारत सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

जिला स्तरीय आयोजन में प्रतापगढ़ विधायक हेमंत मीणा ने जनसमूह को संबोधित कर आयुष्मान भारत, दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना (ग्रामीण); पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम पोषण अभियान, हर घर जल-जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताते हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य के बारे में चर्चा की और सभी से इस विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस संकल्प यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी दे और देश के विकास में योगदान दे।

अमलावद ग्राम पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा का हुआ जिला स्तरीय शुभारंभ
कार्यक्रम के उपरांत विधायक मीणा और जिला कलेक्टर डॉ. यादव सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में अमलावद ग्राम पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया और इस अवसर आईसी समाग्री का भी वितरण किया गया। साथ ही स्थानीय विद्यालय की बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा पहन कर आईईसी मोबाइल वैन का स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक मीणा ने कहा कि संकल्प यात्रा का उद्देश्य भारत सरकार की योजनाओं के बारे में जनता के बीच जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर वंचित वर्गों के लोगों को इन कार्यक्रमों के दायरे में लाना है।

जिला कलक्टर डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सभी वंचित पात्र योजनाओं के बारे में जागरूक होकर इसके प्रचार प्रसार में सक्रिय भागीदार बने। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के हर वंचित पात्र को योजनाओं के दायरे में लाने के उद्देश्य में सभी अधिकारी, नागरिक और जनप्रतिनिधि सहयोग दे। उन्होंने यह भी कहा की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते है। स्थानीय कार्यक्रम का मंच संचालन नीलम कटलाना द्वारा किया गया

यह रहे उपस्थित
बैठक में जिला परिषद् सीईओ दुर्गा शंकर मीना, नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीणा, तहसीलदार शंकर महिड़ा, प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ पी दायमा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), जनप्रतिनिधि सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच का संचालन सुधीर वोरा द्वारा किया गया।

Recent Posts