वाॅइस ऑफ प्रतापगढ़ न्यूज़।
पूर्व मंत्री नन्दलाल मीणा एवं राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा का समिति गठन पर जताया आभार ।
प्रतापगढ़। जिला चिकित्सालय के बेहतर प्रबंधन, विकास कार्यो की निगरानी एवं अन्य समस्याओं के निदान हेतु राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री और प्रतापगढ़ के स्थानीय विधायक हेमन्त मीणा की अध्यक्षता में बनाई गई समिति की प्रथम बैठक शुक्रवार को नगर परिषद में आयोजित हुई।
जिला चिकित्सालय समिति के सचिव प्रेममोहन सोमानी व प्रवक्ता हार्दिक अरुण छोरिया ने जानकारी में बताया कि पूर्व जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नन्दलाल मीणा के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य होता था, उसी परिपाटी को जारी रखते हुए पूर्व मंत्री नन्दलाल मीणा के संरक्षकत्व में जिला चिकित्सालय समिति का गठन किया गया। गठन पश्चात शुक्रवार को समिति के समस्त नवनियुक्त पदाधिकारीगण व सदस्यगण की प्रथम बैठक नगर परिषद में आहूत की गयी। बैठक की अध्यक्षता समिति की सदस्य एवं सभापति रामकन्या प्रहलाद गुर्जर ने की। बैठक में समिति के सदस्य भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश ओझा, समिति सचिव प्रेममोहन सोमानी, भाजपा नगर अध्यक्ष उत्सव जैन, कांग्रेस नगर अध्यक्ष उदयलाल अहीर, समाजसेवी संजय वगेरिया, समिति सहसचिव थमिश मोदी व समिति प्रवक्ता हार्दिक अरुण छोरिया उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व सदस्यों ने सर्वप्रथम पूर्व जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा एवं राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री व क्षेत्रीय विधायक हेमन्त मीणा का जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ के उचित प्रबंधन, बेहतर निगरानी, विकास कार्यो की देखरेख व अन्य समस्याओं के निदान के लिए सर्वदलीय, सर्वस्पर्शी व सर्वसमाहित समिति के गठन पर धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।
बैठक में विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की गयी जिनमे प्रमुख रूप से जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति हेतु मंत्री हेमन्त मीणा को निवेदन करने का प्रस्ताव लिया गया साथ ही उपलब्ध चिकित्सको का पूरे ड्यूटी समय में अस्पताल में उपलब्ध रहने पर चर्चा हुई, इसके साथ ही निजी व सरकारी एंबुलेंस के प्रबंधन एवं उनकी पूरी जांच कर संचालन करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था बड़ी एवं सुचारु करने, सुरक्षा गार्ड लगाने, धर्मशाला को पुनः प्रारंभ करने, सीसीटीवी लगवाने, जन औषधि केंद्र को जिला चिकित्सालय में भी प्रारंभ करवाने व प्रतापगढ़ शहरी क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर 24 घंटे सेवा हेतु प्रारंभ रखने पर भी चर्चा हुई। जिला चिकित्सालय के अंदर व बाहर के समस्त जांच केंद्रों पर जांच की प्रामाणिकता की जांच करने पर भी चर्चा हुई। जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सोनोग्राफी मशीने, सीटी स्कैन मशीन है व अन्य जांच के उपकरण जिनमें यदि कुछ खराबी हो तो उन सभी को दुरस्त करवाकर मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उपलब्ध करवाने की चर्चा हुई। जिला चिकित्सालय परिसर व प्रांगण में चरमराई सफाई व्यवस्था दुरस्त करवाने, व छोटी-मोटी टूटफुट को दुरुस्त करवाने पर चर्चा हुई।
इनके साथ ही रिपेयरिंग मांग रहे स्ट्रेचर, व्हीलचेयर,बेड आदि को ठीक करवा कर मरीजो के लिए उपलब्धता करवाने पर चर्चा हुई। जिला चिकित्सालय प्रांगण को सामाजिक संगठनों के माध्यम से हरा-भरा करने पर चर्चा ही इसके साथ ही अन्य कई समसामयिक मुद्दों पर चर्चा कर जिला चिकित्सालय प्रशासन को निर्देशन देने हेतु विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गये।
बैठक का आभार सहसचिव थमिश मोदी ने व्यक्त किया साथ ही सभी नवनियुक्त समिति पदाधिकारियों व सदस्यों का केसरिया उपरना पहनाकर स्वागत भी किया गया।



