Voice of Pratapgarh News@ किशोर कुमार छाबड़ा।
प्रतापगढ़। शहर में आज महावीर जन्म जयंती का पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सकल जैन समाज की और से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत भव्य चल समारोह निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी शामिल हुए। चल समारोह का मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से स्वागत अभिनंदन किया गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जैन समाज के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2326 वें जन्म कल्याण पर आज प्रतापगढ़ में सकल जैन समाज की ओर से विभिन्न आयोजन किये जा रहे हैं। सुबह समाज की ओर से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया उसके बाद गुमानजी जैन मंदिर से विशाल चल समारोह निकाला गया जो शहर के मुख्य मार्गो से होता हुआ गुमानजी मंदिर पर समाप्त हुआ। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों के साथ निकले इस चल समारोह में जैन धर्मावलंबी भगवान महावीर के जयकारे लगा रहे थे तो युवा उत्साह के साथ नृत्य भी कर रहे थे। चल समारोह में अहिंसा का संदेश देती सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र थी। चल समारोह का मार्ग में विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत किया जा रहा था साथ ही सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की और से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चल समारोह के समापन पर जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल एवं बिस्किट का वितरण किया गया। महावीर जयंती उत्सव समिति के गजेंद्र चंडालिया ने बताया कि रात्रि में नवकार मंत्र के सामूहिक जाप का आयोजन भी किया जाएगा।



