जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजोरिया ने किया क्यू इन्फॉर्मेशन सिस्टम लॉन्च
Voice of Pratapgarh News @
घर बैठे बूथ पर लाईन में लगे लोगो की संख्या बताएगा क्यूआईएस
इसके लिए: मतदाता को https://qispratapgarh.com लिंक पर क्लिक करना पड़ेगा
प्रतापगढ़। लोकसभा आम चुनाव 2024 में मतदाताओ की शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्ेश्य से मंगलवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया द्वारा बूथों पर कतारों में लगे मतदाताओं की संख्या की जानकारी के लिए बनाए गए क्यू इन्फॉर्मेशन सिस्टम को लॉन्च किया गया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी प्रतापगढ़ राजेश कुमार नायक, एसीईओ धनदान देथा, स्वीप सहायक प्रभारी कृपानिधि त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, राजीविका की महिलाएं, बीएलओ,अडॉप्टर ऑफिसर व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहें। इस दौरान सभी बीएलओ को क्यूआईएस उपयोग करने की जानकारी भी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा की मतदाताओं को मतदान दिवस के दिन किसी भी प्रकार की कोई परेशान न हो। शौचालय, पेयजल सहित अन्य सभी प्रकार की सुविधाएं बूथों पर सुनिश्चित की जाए और इसके बारे में मतदाताओं को भी बताया जाए। साथ ही उन्होंने सभी से कहा की मतदाताओं को हैप्पी आवर्स (7 से 10 बजे के बीच) मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सभी को मतदान दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा की सभी के सहयोगात्मक प्रयासों से टीम भावना से कार्य कर निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी मतदान करवाने के लिए है सभी तैयारियां की जा चुकी है।
कैसे करें क्यू इन्फॉर्मेशन वेबपेज का उपयोग
गर्मी के मौसम में मतदाताओं को मतदान दिवस के दिन परेशानी न हो इसके लिए बूथ पर कतारों में लगे व्यक्तियों की संख्या देखने के लिए मददगार साबित होगा क्यूआईएस।
इसके लिए: मतदाता को https://qispratapgarh.com लिंक पर क्लिक करना पड़ेगा
बता दें कि इस वेबपेज पर बीएलओ द्वारा 26 अप्रैल को मतदान केन्द्र पर हर पन्द्रह मिनट के अन्तराल पर बूथ पर कतारो में लगे व्यक्तियो की संख्या अपडेट की जायेगी।
इस पर क्लिक करने पर मतदाता को अपने विधानसभा क्षैत्र का चयन करना होगा उसके बाद बूथ नम्बर/ बूथ का नाम डालना होगा।
इसके पश्चात् बूथ पर कतार में लगे लोगो की संख्या प्रदर्शित हो जाएगी।
वर–वधु को बिना कतार में लगे मतदान की मिलेगी सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा की मतदान दिवस 26 अप्रैल के दिन विवाह के बहुत ज्यादा मुर्हत है ऐसी स्थिति में विवाह का असर मतदान पर नहीं पड़े, मतदाताओ को परेशानी ना हो और व्यस्तता के बाद भी ऐसे मतदाता मतदान कर सकें इसलिए जिनका विवाह है उन वर वधु को बिना कतार में लगे मतदान की सुविधा दी गयी। स्वीप टीम के द्वारा भी वर–वधु को व्यक्तिगत तौर पर संपर्क कर मतदान के लिए प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।



