Voice of Pratapgarh News ✍️
पौधारोपण का कार्य गंभीरता से किया जाए- जिला कलक्टर
प्रतापगढ़। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में सोमवार को मानसून पूर्व पौधारोपण को लेकर मिनी सचिवालय परिसर में प्रशिक्षण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पौधारोपण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि मिट्टी और अन्य आवश्यक स्थानीय कारकों को देखते हुए पौधारोपण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा की पौधारोपण की प्रभावी मॉनिटरिंग हो और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पौधों की उत्तरजीविता दर अधिक हो। उन्होंने यह भी कहा की सभी अधिकारी प्रशिक्षण को अच्छे से ले और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला प्रशासन और वन विभाग से संपर्क करें। प्रशिक्षण में स्थानों के हिसाब से पौधे की किस्म, विधि, प्रक्रिया, सड़क के किनारे वृक्षारोपण सहित अन्य बिंदुओं के बारे में बताया गया। साथ ही सभी अधिकारीयों से अपेक्षाओं के बारे में भी बताया गया।
उप वन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत ने कहा की पौधारोपण एक वृहद और जिम्मेदारी पूर्ण कार्य है जिसके तहत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी विभागों से सहयोग और सभी विभाग के बीच समन्वय अपेक्षित है। उन्होंने प्रशिक्षण में विभागवार पौधारोपण लक्ष्य भी बताये। उन्होंने यह भी कहा कि पौधे को पेड़ तक पहुंचाना बहुत महत्वपूर्ण कार्य है इसके लिए पौधों की बच्चों की देखभाल करना जरूरी है, तभी वह एक वृक्ष का रूप लेगा। जिला परिषद सीईओ ने कहा की पौधारोपण को लेकर माइक्रो लेवल प्लानिंग करे जैसे जहां जल उपलब्धता कम है वहां कम जल आवश्यकता वाले पौधे लगाएं। साथ ही उन्होंने कहा की पौधारोपण करना हमारी जिम्मेदारी भी है और कर्तव्य भी। बैठक में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



