जेएमसी में 500 विद्यार्थियों के परिणाम में गड़बड़ी पर ABVP का प्रदर्शन

डीयू छात्र संघ (DUSU) और ABVP ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया

Voice of Pratapgarh News ✍️रिपोर्टर रविंद्र आर्य

दिल्ली: क्रांतिकारी छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP ने आज मीडिया से संवाद करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज JMC में नॉन-कॉलेजिएट वुमन एजुकेशन बोर्ड NCWEB की छात्राओं की समस्याओं को उजागर किया। प्रदर्शन फरवरी-मार्च 2024 में हुई सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणामों में कथित गड़बड़ियों के कारण हुआ। कई छात्राओं ने दावा किया कि तकनीकी खामियों के चलते सैकड़ों छात्राओं को फेल घोषित कर दिया गया। परिणाम घोषित हुए आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इन्हें ठीक नहीं किया गया है। इसके कारण छात्राएं आगामी परीक्षाओं के लिए फॉर्म नहीं भर पा रही हैं।

छात्राओं का कहना है कि इस देरी ने उनके शिक्षण और भविष्य की योजनाओं पर बुरा असर डाला है। इस समस्या के समाधान के लिए DUSU और ABVP ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जिसमें प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

ABVP द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे:

तकनीकी गड़बड़ी: गलत परिणामों ने छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति को बाधित किया।

प्रशासनिक लापरवाही: बार-बार शिकायतों के बावजूद, आठ महीने बाद भी परिणामों को ठीक नहीं किया गया।

फॉर्म भरने में बाधा: गलत परिणामों के कारण छात्राएं आगामी परीक्षाओं के लिए पंजीकरण नहीं कर पा रही हैं।

प्रदर्शन की मुख्य मांगें:

परिणामों की गड़बड़ियों को तुरंत सुधारना।

प्रभावित छात्राओं को फॉर्म भरने की अनुमति देना।

भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए ठोस उपाय लागू करना।
यह प्रदर्शन प्रशासनिक अक्षमता के प्रति छात्रों के बढ़ते गुस्से को दर्शाता है। ABVP ने इस आंदोलन को छात्रों के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

Recent Posts