पाइप लाइनें उखाड़ी, सामान जप्त — कनेक्शनधारकों में हड़कंप
दौसा। लालसोट शहर में पानी की बर्बादी और अवैध उपभोग पर नकेल कसते हुए विभाग ने बुधवार को तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कनिष्ठ अभियंता अभिषेक मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने पपलाज माता रोड, बंगाली बंगला क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध नल कनेक्शन काट दिए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने न सिर्फ अवैध कनेक्शन काटे, बल्कि पाइपलाइन और अन्य सामग्री को भी जप्त कर लिया। विभाग की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई उपभोक्ता घरों के बाहर झांकते नजर आए। रातों-रात किए थे फर्जी कनेक्शन: अभिषेक मीणा ने बताया कि कुछ लोगों ने रातों-रात अवैध नल कनेक्शन जोड़ लिए थे, जिनकी जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी अवैध कनेक्शनधारकों पर विभाग पेनल्टी लगाएगा। यदि वे नियमानुसार आवेदन कर जुर्माना भरते हैं तो उन्हें राहत दी जा सकती है, अन्यथा उनके खिलाफ आगे सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। अब हर कॉलोनी होगी रडार पर: सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। जलदाय विभाग की टीम अब शहर की अन्य कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में भी ऐसे ही निरीक्षण करेगी। स्थानीय नागरिकों में मिली-जुली प्रतिक्रिया: जहां एक ओर आमजन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं, वहीं अवैध कनेक्शनधारक असमंजस में नजर आए। किसी को भी सार्वजनिक संसाधन का दुरुपयोग करने की इजाजत नहीं है। विभाग की यह कार्रवाई सही दिशा में एक मजबूत कदम है। स्थानीय निवासी रामनिवास शर्मा
जल संकट के समय में अवैध जल उपभोग पर यह कार्रवाई मिसाल बन सकती है। विभाग की सख्ती से साफ है कि अब पानी चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



