Voice of pratapgarh News ✍️पत्रकार महेश पीलूखेड़ा
दौसा। लालसोट उपखंड के निर्झरना गांव स्थित राम जानकी धाम, काली डूंगरी हनुमान मंदिर प्रांगण में इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा पर्व पर भक्ति और श्रद्धा का संगम देखने को मिलेगा। संत अवधेश दास महाराज के पावन सानिध्य में गुरुवार को होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रातःकाल से ही श्रद्धालु जनों का तांता लगने की संभावना है। मुख्य आयोजन के रूप में व्यास पूजन का भव्य अनुष्ठान होगा, जिसके पश्चात विशाल सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को विशेष बनाएंगे। मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी भक्तों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। व्यवस्थाओं के तहत पेयजल, छाया, वाहन पार्किंग तथा स्वास्थ्य सुविधा जैसी आवश्यक सेवाओं के भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
संत अवधेश दास महाराज के सान्निध्य में भक्तों को आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ भी प्राप्त होगा। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है और पूरा वातावरण भक्तिमय रंग में रंग चुका है। गुरु पूर्णिमा के इस पर्व पर अपने गुरुजनों का पूजन कर उनके मार्गदर्शन में चलने का संकल्प लेने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



